नई दिल्ली: वाल्मीकि नगर से जदयू के लोकसभा सांसद और बिहार के पूर्व मंत्री बैद्यनाथ प्रसाद महतो का शुक्रवार शाम दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। महतो एक सप्ताह से वेंटिलेटर पर थे। महतो के निधन के साथ, लोकसभा में जदयू के सदस्य की कुल संख्या 16 से घटकर 15 हो गई। उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि महतो अपने निर्वाचन क्षेत्र में बहुत लोकप्रिय थे। उनके निधन से राज्य के राजनीतिक सर्कल और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति हुई है।
महतो ने 2009 और 2019 का लोकसभा चुनाव वाल्मीकि नगर निर्वाचन क्षेत्र से जीता। महतो ने वाल्मीकि नगर सीट पर 3,54,616 वोटों से जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 6,02,660 वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी शशवत केदार को 2,48,044 मत प्राप्त हुए।
वह पहले नौतन से बिहार विधानसभा के लिए तीन बार चुने गए थे। वह बिहार सरकार में 2005 से 2008 के बीच ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री भी रहे।